शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: शिक्षिका से छेड़खानी, विरोध पर परिजनों को पीटा, परिवार ने दी आत्महत्या की धमकी

Connect News 24

शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के एक गांव में निजी स्कूल की शिक्षिका के साथ गांव के दो युवकों ने छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर परिजनों को भी पीट दिया। पुलिस के सुनवाई न करने पर पीड़िता ने ट्वीटर से मदद की गुहार लगाई। वहीं दूसरी ओर पीड़िता की मां ने कार्रवाई न होने पर परिवार समेत आत्महत्या की चेतावनी दी है।

क्षेत्र के एक गांव की युवती निजी स्कूल में शिक्षिका है। लंबे समय से गांव के दो युवक उसका पीछा करते आ रहे थे। 18 जुलाई को बाइक से आए युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की। स्कूल से घर आई शिक्षिका अपनी मां के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंची। जहां आरोपियों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विवाद में उसकी मां व भाई को भी चोटें आईं।

पीड़िता ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस की सुरक्षा में पीड़िता ने थाने जाकर तहरीर दी। दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की कार्यशैली से परेशान होकर पीड़िता ने ट्वीटर पर शाहजहांपुर पुलिस से न्याय मांगा है।

पुलिस बना रही समझौते का दबाव

पुलिस के कार्रवाई न करने से शिक्षिका का पिता काफी आहत है। उसने बताया कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय समझौता करने का दबाव बना रही है। पीड़िता की मां ने पुलिस के कार्रवाई न करने पर परिवार समेत आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।

शिक्षिका से छेड़खानी और मारपीट की जानकारी हमें नहीं है। तहरीर आने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

– पंकज पंत, सीओ पुवायां


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button