Shahjahanpur: पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में शराब पार्टी, खाकी वर्दी वाला छलका रहा जाम, एक और वीडियो वायरल

पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में शराब पार्टी
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
शाहजहांपुर में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस का शनिवार को एक और वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक खाकी वर्दी पहने व्यक्ति शराब की बोतल खोल रहा है। उसके पास में एक और व्यक्ति बैठा है। खाकी वर्दी वाला व्यक्ति होमगार्ड बताया जा रहा है। कमरे में तीसरा व्यक्ति है, जो वीडियो बना रहा है। वीडियो कब का है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
दो दिन पहले भी वायरल हुआ था एक वीडियो
इससे पहले भी गेस्ट हाउस का वीडियो वायरल हो चुका है, जिसमें जाम छलकाए जा रहे थे। इस वीडियो के संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने कहा था कि वीडियो वायरल होने की जानकारी होने पर बृहस्पतिवार रात में ही वह सीओ सिटी बीएस वीर कुमार के साथ गेस्ट हाउस में जांच करने गए थे। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से मामले की जांच कराई गई।
पता चला कि पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रुके लोग पीडब्ल्यूडी के लेखा परीक्षक थे। उन्होंने बताया कि वे लोग काम से लौटने के बाद रूम में बैठकर जूस पी रहे थे। तभी एक व्यक्ति अचानक आया और वीडियो बनाने लगा। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा ने बताया कि जांच में शराब पीने की बात झूठी निकली है। गेस्ट हाउस में बगैर अनुमति के ठहरने पर पाबंदी लगा दी गई है।
ये भी पढ़ें- 35 दिन… तीन हत्याएं: सीरियल किलर या है एक ही गैंग, इस आशंका से शाही में खौफ; महिलाओं ने खेत जाना छोड़ा
उस वीडियो के बाद अब 41 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ है, जिसने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के जिम्मेदार अधिकारियों और वहां पर तैनात कर्मचारियों की पोल खोलकर रख दी है। हालांकि यह वीडियो कब का है, इसमें दिखे दोनों लोग कौन है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।