Shahjahanpur News: सिर पर वार कर की थी रामबेटी की हत्या
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की ऑफिसर्स कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाली रामबेटी (65) की हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। चेहरे व हाथों पर तेजाब से जलाने के निशान भी हैं। शुक्रवार सुबह उनका शव कमरे में पड़ा मिला था। इस मामले में देर शाम तक पुलिस को तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।
सिंधौली के ढकिया गांव की निवासी रामबेटी आफीसर्स कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में लंबे समय से रह रहीं थीं। बृहस्पतिवार की रात को बेटियों के साथ खाना खाने के बाद कमरे में जाकर लेट गई थीं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पौत्र जीतू दादी के पैर छूने पहुंचा तो रक्तरंजित शव देखकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद एसपी अशोक मीणा, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने मौका-मुआयना किया था। रामबेटी के चेहरे पर खून लगा था।
मृतका की बेटी पुष्पा ने हत्या करने का आरोप लगाया था। पुष्पा ने रामबेटी को तेजाब पिलाने की बात कहते हुए सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार पर क्वार्टर खाली कराने को लेकर विवाद होना बताया था। वहीं, मृतका के नाती शिवम ने पड़ोस में रहने वाले दंपती पर विवाद के कारण हत्या करने का आरोप लगाया था। देर रात पुलिस को रामबेटी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो गई। इसमें उनके सिर पर किसी चीज से वार करने की बात स्पष्ट हुई। इसके अतिरिक्त रामबेटी के चेहरे व हाथ पर तेजाब से जलाने की बात की पुष्टि हुई। दूसरे दिन भी पुलिस को मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
सुरक्षित कॉलोनी में वारदात से खड़े हुए सवाल
ऑफीसर्स कॉलोनी में वारदात होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉलोनी की सुरक्षा में पहली बार सेंध नहीं लगी है। इससे पहले भी पूर्व एसडीएम राशि कृष्णा के बंद क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर लाखों रुपये का माल समेटकर भाग गए थे।
रामबेटी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी