रामपुर

Rampur News: रामपुर में लगेगा विदेशी मेहमानों का जमावड़ा

Connect News 24

रामपुर। रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम के ढाई सौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सालभर जश्न मनाने की तैयारियां चल रही हैं। जिसमें अब अखंड भारत में शामिल हुई रियासतों के उत्तराधिकारी और विदेशी मेहमान शामिल होंगे। इन मेहमानों को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आमंत्रित करेंगे। इसके लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने प्रधानमंत्री को रजा लाइब्रेरी में संरक्षित ऐसी एलबम भेजी हैं, जो उन रियासतों के उत्तराधिकारियों के पास भी नहीं हैं।

रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम को विश्व पटल पर चमकाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए शहर विधायक ने पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री को रजा लाइब्रेरी के महत्व और ऐतिहासिक पहलुओं के बारे में जानकारी दी थी। साथ ही रजा लाइब्रेरी में ढांचागत सुधार और उच्चीकृत कराने का भी अनुरोध किया था। जिसके बाद केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम के सौंदर्यीकरण के लिए सात करोड़ रुपये भी जारी कर दिए थे।

इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम को अक्तूबर 2024 में ढाई सौ वर्ष हो रहे हैं। ऐसे में सालभर महोत्सव के रूप में मनाया जाए और अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएं। जिसके क्रम में शहर विधायक आकाश सक्सेना ने रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम में संरक्षित ऐसी एलबम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी हैं, जो यहां के अलावा कहीं नहीं हैं। यहां तक कि अखंड भारत में विलय हुईं रियासतों के उत्तराधिकारियों के पास भी उनकी कोई प्रति नहीं है।

उन्होंने पत्र के माध्यम से यह सुझाव दिया है कि इस एक वर्ष में इन रियासतों के उत्तराधिकारियों और विदेशी मेहमानों को आमंत्रित किया जाए। जिससे विश्व में रामपुर के साथ ही भारत की छवि को भी उत्कृष्ट किया जा सकेगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button