Shahjahanpur News: बीस गुना बढ़े कनेक्शन पर ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं, लोगों ने किया प्रदर्शन

पुवायां के बिजली उप केंद्र पर प्रदर्शन करते गांव बितौनी के लोग
पुवायां। कनेक्शनों की संख्या चार से 70 हो जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई जा रही है। यह मुद्दा उठाते हुए गांव बितौनी के बिजली उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव सतेंद्र त्रिवेदी ने एक्सईएन को पत्र देकर बताया कि गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा है। वर्ष 1972 में जब 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा गया था, तब चार कनेक्शन थे। अब 70 कनेक्शन हो चुके हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है। इस कारण लो-वोल्टेज सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर आए दिन फुंक जाता है। सतेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारी जांच और समस्या का समाधान नहीं करा रहे हैं।
मांग की गई कि गांव में 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर रखा जाए, जिससे लोगों को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति मिल सके। जल्द ही समाधान न हुआ तो गांव के लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान अन्नू कुमार, पवन मौर्या, गंगेश कुमार, बजरंगी लाल, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।