Budaun News: सात नगर पालिका व 14 नगर पंचायतों में 87 महिलाएंं दिखाएंगी दम
उमेश राठौर
बदायूं। निकाय चुनाव में इस बार 87 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। उनमें कई प्रत्याशी ऐसी हैं, जिनका समाज में नाम है और अपने बलबूते पर वे आगे बढ़ रहीं हैं तो कुछ ऐसी भी हैं जो अपने पति या किसी अन्य रिश्तेदार के लिए चुनाव तो लड़ रही हैं, लेकिन राजनीतिक अनुभव न के बराबर है। ये बात अलग है कि मेहनत में वे किसी से पीछे नहीं है। देखना ये है कि उनकी मेहनत कहां तक सफल होती है। फिलहाल यह महिला प्रत्याशी पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहीं हैं। नगर पालिका परिषद बदायूं और नगर पंचायत वजीरगंज में इस बार महिला सीट है। यहां सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी मैदान में आईं हैं। दोनों जगह पर महिला प्रत्याशियों की संख्या 10-10 है। बदायूं नगर पालिका सीट की बात करें तो यहां महिला प्रत्याशी दीपमाला गोयल ने अपने दम पर चुनाव मैदान में हैं। वह काफी समय से भाजपा से जुड़ी हैं। वर्ष 2017 में चुनाव जीतने के बाद अब फिर से मैदान में हैं। उनके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी माधवी साहू भी अपने दम पर चुनाव लड़ रहीं हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा भले ही प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हों लेकिन पूरी बागडोर उनके पति पूर्व विधायक आबिद रजा के हाथ में है। इसके अलावा अन्य महिला प्रत्याशियों का चुनावी अनुभव बिल्कुल नहीं है। उनके परिवार में या तो पति राजनीति से जुड़े हैं या फिर देवर या जेठ के बलबूते पर उन्होंने नामांकन कराया है। यही हाल नगर पंचायत वजीरगंज का भी है। यहां चुनाव लड़ रहीं महिला प्रत्याशियों में किसी की अपनी पहचान नहीं है। वह या तो अपने पति का सहारा लेकर चुनाव लड़ रहीं हैं या फिर उनके पीछे देवर या जेठ खड़े हैं। इनके अलावा और भी नगर पालिका व नगर पंचायतों में महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। अधिकतर महिलाओं के पीछे उनके परिवार वाले खड़े हैं, जिनके दम पर वह निकाय चुनाव में उतरीं हैं। संवाद
ये हैं महिला सीट
नगर पालिका बदायूं, नगर पालिका बिल्सी अनुसूचित जाति महिला, नगर पंचायत रुदायन अनुसूचित जाति महिला, नगर पंचायत वजीरगंज महिला, नगर पंचायत गुलड़िया पिछड़ा वर्ग महिला, नगर पंचायत अलापुर महिला, नगर पंचायत इस्लामनगर महिला
नगर पालिका व नगर पंचायतों में महिला उम्मीदवार
नगर पालिका परिषद बदायूं- 10
नगर पालिका परिषद ककराला- चार
नगर पालिका परिषद दातागंज- चार
नगर पालिका परिषद बिल्सी- छह
नगर पालिका परिषद बिसौली- दो
नगर पालिका परिषद सहसवान- दो
नगर पालिका परिषद उझानी- तीन
नगर पंचायत कछला- एक
नगर पंचायत गुलड़िया- चार
नगर पंचायत कुंवरगांव- पांच
नगर पंचायत सखानू- एक
नगर पंचायत रुदायन- आठ
नगर पंचायत इस्लामनगर- सात
नगर पंचायत वजीरगंज- 10
नगर पंचायत फैजगंज बेहटा- दो
नगर पंचायत मुड़िया- दो
नगर पंचायत उसहैत- तीन
नगर पंचायत उसावां- चार
नगर पंचायत अलापुर- सात
नगर पंचायत दहगवां- दो
नगर पंचायत कुंवरगांव में किन्नर प्रत्याशी
नगर पंचायत कुंवरगांव जिले की इकलौती नगर पंचायत है जहां से अध्यक्ष पद पर एक किन्नर ने अपना नामांकन कराया है। उसका नाम महिला आरक्षण में शामिल हुआ है। इसके अलावा किसी भी नगर पालिका या नगर पंचायत में अध्यक्ष पर किन्नर ने नामांकन नहीं कराया है। हालांकि उसहैत नगर पंचायत में एक किन्नर ने वार्ड सदस्य का परचा भरा है। वह वार्ड सदस्य के पद पर वोट मांग रही है।