Budaun News: निगम की बसों के रंग में रंगी बस थाने के सामने से ले गई सवारियां
बदायूं। परिवहन निगम की बसों जैसे रंग में रगी एक और बस रविवार को सवारियां लेकर दिल्ली की ओर गई। रास्ते में मुजरिया थाने के सामने इस बस में सवारियां भी बैठाईं, लेकिन थाना पुलिस भी इससे अनजान बनी रही। ऐसी बसों के संचालन पर पुलिस प्रशासन और परिवहन निगम रोक नहीं लगा पा रहे हैं।
पिछले दिनों उझानी कोतवाली पुलिस ने चार बसों को पकड़कर सीज किया गया था। चार-पांच दिन पहले भी एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने तीन बसों को पकड़ा था। उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी डाला था।
ऐसी बसों संचालक जुर्माने की राशि जमा करके बसों को ले गए। फिर भी इनका संचालन बंद नहीं हुआ। अभी ये बसें बदायूं-दिल्ली रूट पर लगातार दौड़ रहीं हैं। इन बसों के चालक-परिचालक भी परिवहन निगम के बनकर चल रहे हैं। बाकायदा ये टिकट मशीन का इस्तेमाल भी कर रहे हैं।
रविवार दोपहर भी ऐसी बस मुजरिया इलाके में सवारियां बैठाती दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के शीशे पर दिल्ली, आनंद विहार, कौशांबी लिखा हुआ था। इन नामों का एक बोर्ड भी लगा था। काफी देर तक बस खड़ी रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी और बस आराम से सवारियां बैठाकर दिल्ली के रवाना हो गई।
गाजियाबाद में पकड़ी गई फर्जी रोडवेज बस
दिल्ली-बदायूं रूट पर दौड़ रही एक फर्जी रोडवेज बस गाजियाबाद में भी पकड़ी गई। रास्ते में इनके पकड़े जाने से और कार्रवाई होने से कहीं न कहीं इनके संचालकों की कमर टूटेगी। अगर यह बसें रास्ते में ही पकड़ी जाएंगीं तो शायद बदायूं आने पर रोक लग सकती है।
ऐसी बसों के खिलाफ अब चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इन्हें पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। आज जो बस निकलकर गई है, उसके बारे में नहीं पता। ऐसा नहीं हैं कि ये बसें दोबारा नहीं आएंगीं। दोबारा आएंगी तो पकड़ी जाएंगी। -अंबरीष कुमार, एआरटीओ, प्रवर्तन


