Shahjahanpur News: रेलवे स्टेशन पर बच्ची की हत्या के बाद चौकसी बढ़ी, कैमरे लगे

रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरा लगाता कर्मचारी। संवाद
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर आठ माह की बच्ची की फेंककर हत्या के बाद जीआरपी ने चौकसी बढ़ा दी है। सरकुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म आदि पर नजर रखने के लिए पांच कैमरे लगवाए जा रहे हैं।
31 अगस्त की सुबह करीब दो बजे रेलवे स्टेशन पर रहने वाली वैशाली की आठ माह की बेटी प्रीति को सिंधौली के आयुं गांव निवासी अशोक लेकर भागा था। लोगों के पीछे आने पर मानसिक रूप से मंदित अशोक ने बच्ची को पटक दिया था। अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर हत्या की घटना होने के बाद एसपी जीआरपी के निर्देश पर ऑपरेशन दृष्टि के तहत कैमरों को लगाने का काम शुरू कराया गया। मुख्य गेट, प्लेटफार्म और सरकुलेटिंग एरिया में कैमरे लगने शुरू हो गए। इंस्पेक्टर रेहान अली ने बताया कि दूसरे चरण में पांच और कैमरे लगाए जाएंगे।
आरपीएफ के पत्र पर शुरू हुई कार्रवाई
रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के लिए लगे 40 कैमरे गत दिनों खराब मिले थे। इन्हें सही करने के लिए आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय सिंह ने पत्राचार किया। उन्होंने बताया कि कैमरे सही करने के लिए इंजीनियरों को मुख्यालय से भेजा गया है।