Shahjahanpur News: अभ्युदय से हो रहा युवाओं का भाग्योदय

अभ्युदय क्लासेस में मौजूद बच्चे
लखीमपुर खीरी। यूपीएससी और नीट की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अभ्युदय योजना उनके भाग्योदय का रास्ता बन रही है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जा रही है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित की जा रही अभ्युदय कक्षाओं में योग्य प्रशिक्षक युवाओं को सफलता के मंत्र दे रहे हैं।
शहर में कई प्रतिभावान युवा हैं, जो धन के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं। ऐसे युवाओं के लिए अभ्युदय योजना वरदान साबित हो रही है। प्राइवेट कोचिंग सेंटरों में यूपीएससी और नीट की तैयारी तो कराई जाती है, लेकिन यहां गुणवत्तापरक शिक्षा के बजाय उगाही पर ज्यादा फोकस रहता है। दो साल पहले शुरू हुई अभ्युदय योजना के तहत सैकड़ों युवा प्रशिक्षित किए जा चुके हैं। वहीं मौजूदा समय में यूपीएससी और नीट के लिए 50-50 सीटों पर प्रवेश लिए जा चुके हैं।
डायट में संचालित हो रहीं अभ्युदय की कक्षाओं में प्रशिक्षित 19 अध्यापक युवाओं को सफलता के मंत्र दे रहे हैं। छह दिन की क्लास के बाद युवाओं के बौद्धिक स्तर को परखने के लिए हर शनिवार को साप्ताहिक टेस्ट होता हैै। इस टेस्ट के दौरान कमियां मिलने पर युवाओं पर ज्यादा ध्यान देकर उन्हें पढ़ाया जा रहा है। समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि नीट व यूपीएससी की कक्षा में करीब 40 से 45 युवा पढ़ाई के लिए आ रहे हैं। दो कमरों में संचालित हो रही अभ्युदय कक्षाओं को सुबह ही खोल दिया जाता है। युवा नोट्स बनाने के साथ ही पठन पाठन का कार्य करने लगते हैं।
तैयारी करने वाले बच्चों के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था
कंपटीशन की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अभ्युदय कक्षा में लाइब्रेरी की भी व्यवस्था की गई है। इसमें नीट और यूपीएससी के अलावा अन्य तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी मदद मिल रही है। समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि वैसे तो कक्षाएं 2:30 बजे से शुरू होती हैं, लेकिन तैयारी करने वाले बच्चे 11 बजे से ही आना शुरू हो जाते हैं, यह बच्चे लाइब्रेरी में मौजूद किताबों का अध्ययन करते हैं। धीरे-धीरे लाइब्रेरी में किताबों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेंगे नोट्स
दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नोट्स देने की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कि नोट्स मिलने के बाद युवा और बेहतर तरीके से अपनी तैयारी कर पाएंगे। सुधांशु शेखर ने बताया कि अभी कक्षाओं के अलावा लाइब्रेरी में युवा पढ़ाई कर रहे हैं। कुछ ही दिनों के बाद सभी को नोट्स प्रदान किए जाएंगें, परीक्षा के दौरान इन्हीं नोट़्स की मदद से युवा अच्छे परिणाम हासिल कर पाएंगें।
अभ्युदय कक्षाओं में होेने वाले प्रवेश को लेकर इस बात का ध्यान रखा गया है कि उन्हीं युवाओं को प्रवेश मिले जो वाकई में इस परीक्षा की तैयारी करना चाहते हों। मौजूदा समय के युवा यदि अपने ज्ञान का बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो निश्चित तौर पर इस बार कई युवा इन परीक्षाओं में सफल भी होंगे। – सुधांशु शेखर, जिला समाज कल्याण अधिकारी