Budaun News: ‘आयुष्मान भव’ अभियान का हुआ वर्चुअल शुभारंभ

जिला अस्पताल के सभागार में राष्ट्रपति के लाइव संबोधन को सुनते जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी। संवाद
जिला अस्पताल के सभागार में दिखाया गया लाइव
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज का लक्ष्य प्राप्त करने और जनसमुदाय में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘आयुष्मान भव’ अभियान के वर्चुअल शुभारंभ का सीधा प्रसारण जिला अस्पताल के सभागार में देखा गया। वहीं जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया।
सांसद डॉ.संघमित्रा मौर्य ने कहा कि ‘आयुष्मान भव’ अभियान के पांच प्रमुख घटक है, जिनमें सेवा पखवाड़ा, आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा व आयुष्मान ग्राम पंचायत/ आयुष्मान नगरीय वार्ड शामिल हैं। आयुष्मान सेवा पखवाड़ा दिनांक 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलेगा।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि इसके तीन अंग है। स्वच्छ भारत अभियान, रक्तदान महादान, अंगदान शपथ। स्वच्छ भारत अभियान के तहत सभी चिकित्सकीय इकाइयों का कायाकल्प व आंतरिक मूल्यांकन किया जाएगा। अंत में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्रों का सम्मानित किया गया और अंगदान के लिए शपथ ली गई। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक, डीएम मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
–
जब सांसद को पहचान नहीं पाए डॉक्टर
कार्यक्रम में सांसद संघमित्रा मौर्य मौके पर लगी प्रदर्शनी देखने पहुंची तो एक डॉक्टर ने पीछे से उन्हें यह कहकर टोक दिया कि अतिथि आ रहे हैं, आप हट जाएं। इसके बाद सांसद जब पीछे घूमीं तो डॉक्टर ने माफी मांगी।