जीएसटी के नाम पर नहीं रुक रहा उत्पीड़न : मुकुंद

शाहजहांपुर में उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में बोलते अतिथि। स्त्रोत-संगठन
उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की ओर से व्यापारी सम्मेलन का आयोजन
व्यापारियों की समस्याओं को रखा, सांसद और विधायक भी हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की व्यापारी स्वाभिमान यात्रा के दौरान सोमवार की रात व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा कि योगी सरकार में निर्बाध बिजली आपूर्ति और कानून व्यवस्था बेहतर है, लेकिन जीएसटी विभाग के अधिकारी, व्यापारियों का उत्पीड़न करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऑनलाइन व्यापार से धंधा चौपट होता जा रहा है। उन्होंने मांग रखी कि व्यापारियों के ऊपर लागू कानूनों को ऑनलाइन कंपनियों पर भी लागू किया जाए।
मुख्य अतिथि सांसद अरुण सागर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को हमेशा सम्मान दिया है। उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान किया जाता रहा है। जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि पूर्व की सरकार में व्यापारियों से वसूली की जाती थी। पर्ची के जरिए रंगदारी ली जाती थी। अब गुंडागर्दी पर लगाम लग चुकी है। एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि छह साल पहले बिजली नहीं आती थी। देहात के क्षेत्रों का हाल काफी ज्यादा खराब था। अब ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली मिल रही है।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ, महामंत्री नाजिम खान, संजीव राठौर, अतुल गुप्ता, रोहित अग्रवाल, प्रेमनारंग, सुरेंद्र सेठी आदि मौजूद रहे।