बदायूं

Budaun News: मनमानी वसूली है नाविकों में फसाद की असल वजह

Connect News 24

– कछला गंगाघाट पर नाविक कमर हसन की हत्या का मामला

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट पर बृहस्पतिवार अपराह्न नाविक कमर हसन की हत्या के मामले में नाव संचालन से जुड़ी कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं, जो घाट पर नाविकों के बीच फसाद की असल वजह हैं। दबंग नाविक गंगा पार कराने के लिए मनमाना शुल्क वसूलते हैं। उनके आगे कोई और नाविक तीर्थ यात्रियों को अपनी नाव में बैठा नहीं सकता।

कछला गंगाघाट पर तीर्थ यात्रियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की हकीकत को लेकर जानकार पहले ही पुलिस को आगाह कर चुके हैं। बताते हैं कि नाविकों के पास कछला नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस की ओर से आई कार्ड जारी नहीं किया गया है। घाट पर इंजन चलित नावों की संख्या कितनी है, इसका भी किसी के पास कोई रिकाॅर्ड नहीं है।

यही वजह है कि घाट पर इंजन चलित नावों की संख्या में खासकर कांवड़ मेला के दौरान तेजी से इजाफा हुआ था। सर्वाधिक नावें कछला के वार्ड नंबर-दो में पंखियानगला इलाके के निवासी लोगों की हैं। दबदबा भी उन्हीं का कायम है।

नाविक उमर ने बताया कि घाट से गंगा पार कराने के लिए शुल्क तय किए जाने की मांग पिछले साल उठी थी। राजनीतिक हस्तक्षेप की वजह से उस पर गौर नहीं किया गया। इसके बाद से खासकर दबंग नाविक मौका देखकर मनमाना शुल्क वसूल लेते हैं। कोई नाविक 20 या फिर 25 रुपये लेने की बात कहकर तीर्थ यात्रियों को बैठा भी लेता है तो दबंग नाविक सामने वाले नाविक को अप्रशिक्षित या फिर उसका इंजन खराब बताकर उतार ले जाते हैं।

कमर और हसन के बीच विवाद भी शुल्क को लेकर ही हुआ था। दबंग किस हद तक जा सकते हैं, यह कमर की हत्या के बाद सामने भी आ गया।

पुलिस की मौजूदगी में कमर का शव सुपर्दे खाक

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार अपराह्न कमर हसन का शव लेकर परिजन पंखियानगला पहुंचे। शव पहुंचने से पहले ही कछला चौकी इंचार्ज दिनेश तिवारी के साथ फोर्स भी पंखियानगला में तैनात कर दिया गया। आरोपियों के घरों के आसपास भी पुलिस कर्मी लगा दिए गए। पुलिस की मौजूदगी में ही कमर का शव सुपर्दे खाक किया गया। इस दौरान पुलिस फोर्स की इलाके के हालात पर भी नजर रही।

आरोपियों के घरों पर मिलीं सिर्फ महिलाएं

नाविक कमर हसन की हत्या में नामजद जागन और उसके बेटे हसन, लालमियां, परिजनों में ताहिर, इकराम और भूरे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आारोपियों के घरों पर सिर्फ महिलाएं और बच्चे ही मिले। पुलिस ने हालांकि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

नामजदों की तलाश में दबिश दी गई है। आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं। गिरफ्तारी के लिए कछला चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में टीम बना दी गई है। सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

– मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button