Shahjahanpur News: छह दिन से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला, दो हजार घरों में बिजली और पानी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 01 Oct 2023 12:53 AM IST
कलान। कलान के थाना रोड के पास पर रखा ट्रांसफार्मर छह दिन से फुंका पड़ा है। इसके बावजूद उसे बदलवाया नहीं गया है। इससे करीब दो हजार घरों में अंधेरा है।
विद्युत निगम की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं कराई गई है। ग्रामीणों को छह दिन से बिजली न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत की टंकी से भी पानी नहीं आ रहा है। इससे लोगों के सामने पानी का संकट भी खड़ा हो गया है। ट्रांसफार्मर से कलान नगर पंचायत के चार वार्ड गंगानगर, गोपाल नगर, सरस्वती नगर, ब्रह्मदेव नगर की पानी की सप्लाई जुड़ी हुई है। करीब दो हजार घरों के सामने पानी और बिजली की दिक्कत है। लोगों ने संकट का हल निकालने की मांग की है। विद्युत निगम के अधिकारी फोन भी नहीं उठाते। नगर पंचायत अध्यक्ष हरनारायण गुप्ता ने बताया कि विद्युत व्यवस्था ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।