Shahjahanpur News: विशेष सचिव ने भटपुरा रसूलपुर को नंबर एक ग्राम पंचायत का दिया दर्जा

गांव का निरीक्षण करते विशेष सचिव। संवाद
शाहजहांपुर। श्रम विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार ने ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई देखकर विशेष सचिव ने तारीफ की और ग्राम पंचायत को जिले की नंबर एक ग्राम पंचायत का दर्जा दिया।
निरीक्षण के दौरान गांव के चबूतरे साफ मिले। सबसे अच्छे चबूतरे वाले सात लोगों को माला पहनाकर और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रविवार दिन भर में जितने भी गांव देखें सबसे सुंदर गांव भटपुरा रसूलपुर लगा। उन्होंने निरीक्षण के साथ-साथ मिनी गोशाला की गायों को गुड़ खिलाया व गांव में पौधरोपण किया।
उन्होंने श्री जेपी मंदिर में राधा-कृष्ण और हनुमत धाम में दर्शन किए। इस दौरान एसडीएम सदर सौरभ सिंह, डीपीआरओ घनश्याम सागर, पीडी अवधेश राम मौजूद रहे। इससे पूर्व ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर के प्रधान अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गांव में सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें ग्राम पंचायत के सभी 54 रास्तों, संविलियन विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय के सभी बच्चों के साथ ग्राम के नागरिकों को जागरूक करते हुए नारे लगाते हुए एक बड़ी रैली निकाली। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार, एडीओ पंचायत आदित्य सक्सेना, एपीओ अतुल कुमार मिश्रा, ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार, पंचायत सहायक अनुज मिश्रा, रोजगार सेवक लड्डन अली सहित तमाम ग्रामवासी मौजूद रहे।