Shahjahanpur News: निगोही में स्कूल से घर लौट रही दसवीं की छात्रा से की छेड़खानी

निगोही पुलिस की गिरफ्त में छेड़छाड़ का आरोपी। स्त्रोत-पुलिस
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में शोहदों के हौसले काफी बुलंद हैं। शनिवार को एक बार फिर स्कूल से घर लौट रही दसवीं की छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना प्रकाश में आई है। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शनिवार को एक इंटर कॉलेज की दसवीं की छात्रा सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। तभी गांव के अतुल सिंह ने उसका रास्ता रोकने का प्रयास किया। डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और रोते हुए अपने परिजन को पूरी जानकारी दी। छात्रा अपने चाचा के साथ थाने में गई ओर तहरीर दी। तीन दिन पहले हुई घटना से सबक लेते हुए पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अतुल सिंह निवासी परसौना खलीलपुर के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने उसे गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
चार दिन के अंदर छेड़खानी की यह दूसरी घटना
निगोही में बुधवार को कॉलेज के गेट पर छात्रा के साथ छेड़खानी होने के बाद पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। एसपी तक मामला पहुंचने के बाद केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस घटना के चौथे दिन ही छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना हो गई।
घर में घुसकर महिला के साथ की छेड़खानी
निगोही के एक गांव की महिला के साथ छेड़खानी के मामले में पुलिस के टरकाने के बाद पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति की चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है। वह घर में अकेली रहती है। 19 सितंबर को रात दो बजे गांव का अजीत घर में घुस आया और सोते समय छेड़खानी करने लगा। नींद खुलने पर उसे ललकारा तो जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़िता ने थाने पर जाकर तहरीर दी। पुलिस ने उसकी नहीं सुनी। उसके बाद आरोपी व उसके भाई ने घर पर आकर धमकाया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी अजीत और आशुतोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।