Budaun News: डेढ़ लाख किसान…अब तक सिर्फ 600 ने कराया पंजीकरण

मंडी समिति में यहां पर होगी धान की खरीद। संवाद
धान खरीद : पिछले साल के मुकाबले इस बार धान खरीद का लक्ष्य भी दो गुना हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। पिछले वर्ष की तुलना में जहां इस बार धान खरीद का लक्ष्य दो गुने के करीब कर दिया गया है। वहीं यहां करीब डेढ़ लाख किसानों में सिर्फ 600 लोगों ने ही अब तक धान बेचने के लिए विभाग की साइट पर जाकर पंजीकरण कराया है। इस कारण अधिकारी और कर्मचारी परेशान हैं।
जिले में तीन अक्तूबर से धान खरीद के लिए सरकारी क्रय केंद्र शुरू हो जाएंगे। इन केंद्रों पर शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की जाएगी। पिछले कई वर्षों से जिले में उत्पादन के सापेक्ष 10 प्रतिशत लक्ष्य दिया जाता रहा है, लेकिन इस बार शासन ने लक्ष्य में बदलाव कर दिया है।
दरअसल, पिछले साल जिले से कुछ किसानों की शिकायतें पहुंची थी कि उनके धान की खरीद नहीं की गई। लक्ष्य पूरा होने की बात कहकर वापस कर दिया गया। इसको ध्यान में रखते हुए धान उत्पादन के सापेक्ष इस बार शासन ने 10 की जगह 18 फीसदी लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य मिलने के बाद अधिकारी परेशान हैं कि वे इस लक्ष्य को कैसे पूरा करेंगे।
–
30 लाख क्विंटल हुई धान की पैदावार
जिले में इस बार करीब डेढ़ लाख किसानों ने 85 हजार हेक्टेयर में धान की फसल की है। पिछले दिनों कृषि विभाग ने क्रॉप कटिंग कराई थी और उसकी रिपोर्ट विभाग के माध्यम से शासन को भेज दी। इसके अनुसार इस बार जिले में लगभग 30 लाख क्विंटल धान की पैदावार होने की उम्मीद जताई गई है।
–
25 हजार मीट्रिक टन अधिक करनी होगी धान खरीद
विभाग के अनुसार पिछले साल शासन स्तर से 33,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था। जबकि इस बार 25,000 मीट्रिक टन अधिक धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर दिया गया है। ऐसे में इस बार विभाग को 58,000 मीट्रिक टन धान की खरीद करनी पड़ेगी, जो पिछले साल के मुकाबले बहुत ज्यादा है।
–
विभाग ने बनाया कंट्रोल रूम
विभाग की तरफ एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। जिसका नंबर 9005984527 जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग धान बेचने से संबंधित जानकारी दे सकते हैं। साथ ही शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।
–
एक अक्तूबर से हर साल धान खरीद शुरू होती थी, लेकिन बार सार्वजनिक अवकाश होने के कारण तीन अक्तूबर से धान की खरीद की जाएगी। इसको लेकर तैयारी कर ली गई है। किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए क्रय केंद्र प्रभारियों को भी निर्देशित किया गया है।
-अतुल कुमार, वरिष्ठ डिप्टी आरएमओ


