Shahjahanpur News: अब स्टेडियम में तीरंदाजी कर लक्ष्य भेदने का अभ्यास कर सकेंगे खिलाड़ी
शाहजहांपुर। परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, हथौड़ा में सोमवार को तीरंदाजी खेल मैदान और जिम्नेजियम का डीएम उमेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। अब खिलाड़ी स्टेडियम के मैदान पर तीरंदाजी का अभ्यास कर सकेंगे। डीएम ने तीरंदाजी के खिलाड़ियों को जरूरी उपकरण व सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा भी की है।
सोमवार को जिला खेल कार्यालय व जिला तीरंदाजी संघ के समन्वय से स्पोर्ट्स स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डीएम उमेश प्रताप सिंह व विशिष्ट अतिथि सीडीओ एसबी सिंह रहे। डीएम ने तीरंदाजी संघ व खेल कार्यालय की ओर से तीरंदाजी को संरक्षित व विकसित करने की कोशिश को सराहा।
सीडीओ एसबी सिंह ने बताया कि जल्द ही जिला स्तर पर तीरंदाजी खेल प्रतियोगिता कराई जाएगी। महासचिव मृदुल गुप्ता ने कहा कि अपने लक्ष्य को साधने के लिए प्रयत्न व पूर्वाभ्यास की जरूरत है। जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने कहा कि एथलेटिक्स के साथ तीरंदाजी में भी छात्र-छात्राएं व अन्य लोग रुचि लें। इसके बाद कोच राघवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में बरेली से आए खिलाड़ियों ने तीरंदाजी का प्रदर्शन किया। डीएम उमेश प्रताप ने भी लक्ष्य साधा।
इस मौके पर तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव ब्रजेश कुमार, मीडिया सचिव अंकित गुप्ता, कोषाध्यक्ष चिवनाथ पाल, सदस्य अभिनव गुप्ता, विनय कुमार, एनवाईके के जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया, बीओबी के रीजनल अधिकारी रंजीव बंसल, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय पाल, जिला ओलंपिक संघ सदस्य नरेंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे।
–
डीएम ने स्टेडियम में सड़क का निर्माण कराने व उपकरण मंगाने की घोषणा की
– डीएम उमेश प्रताप सिंह ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्य द्वार से मैदान जिला खेल कार्यालय परिसर तक जाने वाली सड़क का निर्माण करवाने की घोषणा की। इसके लिए पीडब्लूडी एक्सईन को निर्देश भी दिए। उन्होंने एक लाख रुपये के 10 इंडियन राउंड, एक लाख 35 हजार के रिकर्व, एक लाख 50 हजार के कंपाउंड धनुष मंगवाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही 22 हजार के तीन टारगेट भी आएंगे। यह सब जिला प्रोत्साहन समिति की ओर से उपलब्ध करवाया जाएगा।