Bareilly News: खाई में मिली ट्रैक्टर-ट्राली, सड़क पर मिला ड्राइवर का शव
बरेली। खनन की ट्रैक्टर-ट्राली लेकर निकले चालक का शव सड़क पर पड़ा मिला। शुरू में ट्रैक्टर-ट्राली लूटने के बाद ड्राइवर की हत्या का शोर मचा, लेकिन आधी रात के बाद ट्रैक्टर-ट्राली खाई में मिल गई एसपी सिटी ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने जांच में मामला हादसे का ही माना।
सीबीगंज के गांव सराय तल्फी निवासी शमशेर (35) गांव के ही सर्वेश के ट्रैक्टर पर चालक थे। इस ट्रैक्टर को खनन के तौर पर चलाया जाता है। बताते हैं कि शमशेर को कुछ लोगों ने गांव के बाहर रिश्तेदारी में मंगलवार रात आठ बजे करीब दावत खाते देखा गया था। रात नौ बजे सराय तल्फी रोड पर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के पास शमशेर का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि शमशेर ट्रैक्टर लेकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने ट्रैक्टर रोककर सिर में लोहे की रॉड मारकर शमशेर की हत्या कर दी। फिर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गए। ट्रैक्टर मालिक सर्वेश ने भी यही बात कही। देर रात एसपी सिटी ने मुआयना किया।
तीन थानों की पुलिस पहुंची, खाई में मिला वाहन
– घटनास्थल तीन थानों की सीमा पर होने के कारण सूचना पर किला, सुभाषनगर व सीबीगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया। परिजन इस घटना को हत्या बता रहे थे। रात साढ़े बारह बजे करीब पुलिस को घटनास्थल के पास ही खाई में पड़ी ट्रैक्टर-ट्राली मिल गई। इसके बाद आरोपों का दम निकल गया।
– मैंने खुद घटनास्थल देखा है। एक्सीडेंट का ही मामला है। शुरू में ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर नहीं मिलने से लूट का मामला लग रहा था पर बाद में वहीं खाई में वह मिल गई। साफ दिख रहा है कि एक्सीडेंट के बाद बचने की कोशिश में ड्राइवर कूदा तो सिर में चोट से मौत हो गई। बाकी पोस्टमार्टम से स्थिति साफ हो जाएगी। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


