Budaun News: शिवबरात में जमकर नाचे भक्त, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा

शहर में निकाली गई शिव जी की शोभायात्रा में शामिल काली का अखाड़ा। संवाद
बदायूं। श्री रामलीला महोत्सव कमेटी की ओर से शनिवार को शहर में शिव विवाह शोभायात्रा निकाली गई। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शिव बारात में शामिल लोग भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।
शहर के बिरुआबाड़ी मंदिर से शिव विवाह शोभायात्रा शुरू की गई। कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कांत ने भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूपों की आरती उतारी। उसके बाद में शोभायात्रा पथिक चौक, मढ़ई चौक, शास्त्री चौक, बड़ा बाजार, गोपी चौक, परशुराम चौक होते हुए रामद्वार से रामलीला स्थल गांधी ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई।
शिवबरात में काली का अखाड़ा, शिवजी के साथ ही अन्य देवी-देवता के स्वरूपों की झांकियां, भूत-पिशाच और यमराज के स्वरूप चल रहे थे। झांकियों में ब्रह्मा, विष्णु सहित कई देवी-देवताओं के स्वरूप वाहनों पर सवार होकर शिव बरात में शामिल हुए। इस मौके पर मंत्री रवींद्र वैश्य, अमर वैश्य, सार्थक वैश्य, मुनीश अग्रवाल, अगम गुप्ता आदि मौजूद रहे।
जगह-जगह रही पुलिस तैनात
भगवान भोले के विवाह की शोभायात्रा को देखने के लिए शहर समेत दूरदराज से लोग पहुंचे। भीड़ को देखते हुए सिविल लाइंस, कोतवाली पुलिस जगह-जगह तैनात रही, ताकि किसी तरह की कोई परेशानी लोगों को न हो।

शहर में निकाली गई शिव जी की शोभायात्रा में शामिल काली का अखाड़ा। संवाद

शहर में निकाली गई शिव जी की शोभायात्रा में शामिल काली का अखाड़ा। संवाद


