Budaun News: पुलिस ने मस्जिद से उतरवाए लाउडस्पीकर, मौलवी पर रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 17 Oct 2023 01:01 AM IST
बदायूं। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर बजाने के मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। अलापुर पुलिस ने गेंदन मस्जिद से लाउडस्पीकर उतरवाकर कब्जे में लिए और मौलवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
एसआई राजीव सिंह चौहान के मुताबिक वह ककराला कस्बे में सिपाही पप्पूराम, सुमित पुंडीर और सत्यवीर के साथ गश्त कर रहे थे। कस्बे में पश्चिम पुल चौराहे के पास वार्ड नंबर 17 में गेंदन मस्जिद से तेज आवाज में लाउडस्पीकर पर उन्हें अजान सुनाई दी। वह मौके पर पहुंच गए लेकिन उस वक्त मस्जिद में नमाज पढ़ी जा रही थी। धार्मिक भावनाओं को देखते हुए वह रुक गए और जब सभी लोग नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल आए तब उन्होंने अजान देने वाले व्यक्ति के बारे में लोगों से पूछताछ की। लोगों ने बताया कि वह वार्ड नंबर 17 निवासी सरफराज पुत्र अन्ने है। साथ में मौजूद सिपाहियों ने वहां लगे दो लाउडस्पीकर उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी। बताया कि लगातार समझाने के बावजूद लोग तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने से नहीं मान रहे हैं। इससे पुलिस को भी कार्रवाई करनी पड़ रही है। उन्होंने मौलवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।


