Shahjahanpur News: कन्या भोज से लौटते वक्त बालिका के अपहरण की कोशिश

अपहरण के प्रयास की खबर में सोनम का फोटो। स्रोत : जागरूक पाठक
बंडा। कन्या भोज से लौट रही दस साल की बालिका को कार सवार बदमाशों ने जबरदस्ती कार में खींचकर बैठाल लिया। शोर मचाने पर करीब दो किलोमीटर आगे उतारकर भाग गए। आरोपियों का शाम तक पुलिस पता नहीं लगा सकी थी।
कस्बे के मोहल्ला पसियापुर निवासी चंद्रपाल की 10 वर्षीय पुत्री सोनम शुक्रवार सुबह 10 बजे बंडा-बिलसंडा मार्ग पर आयोजित कन्या भोज में गई थी। वापस आते समय बंडा-बिलसंडा मार्ग पर जिला सहकारी बैंक के सामने सफेद रंग की कार में सवार बदमाशों ने सोनम को जबरदस्ती कार में बैठाल लिया और कार को बंडा-खुटार मार्ग पर भगा ले गए। राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस और परिवार वालों को दी। थोड़ी देर में कार सवार बदमाश बालिका को बंडा-खुटार मार्ग पर स्थित शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज के सामने छोड़कर भाग गए। पिता चंद्रपाल ने बताया कि बदमाशों ने बेटी को नशीली गोलियां खिलाने का प्रयास किया। उसके न खाने और शोर मचाने पर बदमाश उसे छोड़कर भाग गए। थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि बालिका घर में सुरक्षित है। मामले की जांच की जा रही है।



