रामपुर

Rampur News: बारिश में भीगती रही थी महिला, चलता रहा था घर पर बुलडोजर

Connect News 24

रामपुर। रमजान का महीना और उस पर जोरदार बारिश। बारिश के बीच महिला अपने घर को बचाने की जद्दोजहद कर रही थी। पुलिस प्रशासन के अफसर मौके पर थे और इस बीच बुलडोजर मकानों पर गरज रहा था। एक महिला गोद में बच्चा लिए हुए थी और छतरी भी लगाए थी। रोते हुए अफसरों से मकान को न तोड़ने की गुहार लगा रही थी, जिस पर अफसर मजबूरी बताते हुए बुलडोजर चलवा रहे थे। यह दृश्य देख कई अफसरों की आंखें भी छलक उठी थीं। यह वाकया 2013 का है। उस वक्त सूबे में सपा की सरकार थी और सपा नेता आजम खां कैबिनेट मंत्री थे। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को जौहर ट्रस्ट को लीज पर दिया जा चुका था। गांधी समाधि के पास नया जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर बनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई थी। यहां की जमीन पर कुछ गरीब परिवार रहते थे। यहां नया दफ्तर बनाने की कवायद की गई थी। प्रशासन को हुक्म हुआ और फिर यहां बुलडोजर चलाए जाने की कार्रवाई शुरू की गई। उस वक्त पुलिस ही नहीं बल्कि प्रशासनिक अमला भी मौके पर था।

रमजान का महीना चल रहा था और उस वक्त जोरदार बारिश हो रही थी। अपने घर की छत बचाने के लिए लोग गुहार लगा रहे थे। इस बीच एक महिला घर के बाहर बैठी थी। उसकी गोद में बच्चा भी था। वह गुहार लगा रही थी, लेकिन उसके घर पर बुलडोजर चलता गया। इसके बाद यहां के लोगों ने महिलाओं के साथ धरना दिया। धार्मिक किताब लेकर लोग आजम के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, लेकिन इस बीच बुलडोजर अपना काम दिखाता रहा।


रातोंरात शिफ्ट किया गया था जिविनि दफ्तर

रामपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर पुराने से नए भवन में रातों रात शिफ्ट किया गया था। उस वक्त तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश हुए थे कि जल्द से जल्द भवन खाली करना है। इसके बाद रातों रात जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर को पुराने से नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button