Rampur News: सजा के खिलाफ आजम की अपील पर बचाव पक्ष ने मांगा समय
रामपुर। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां की अपील पर शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आजम के अधिवक्ताओं ने सरकारी आपत्ति पर काउंटर दाखिल करने के लिए समय मांगा है। अब इस मामले की सुनवाई दस नवंबर को होगी।
एडीओ सहकारिता अनिल चौहान ने शहजादनगर थाने में आजम खां के खिलाफ 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान नफरती भाषण देने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। सुनवाई के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने आजम खां को 15 जुलाई को नफरती भाषण देने के मामले में दोषी मानते हुए दो साल की सजा व ढाई हजार रुपये का जुर्माना अदा करने की सुनाई थी।
निचली अदालत के फैसले के खिलाफ आजम खां ने एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में अपील दाखिल की है, जिस पर सुनवाई चल रही है। शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई हुई। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया कि सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने सरकार की आपत्ति पर काउंटर फाइल करने के लिए वक्त मांगा है। जिस पर कोर्ट ने दस नवंबर की तारीख तय कर दी है।