Shahjahanpur News: सेवा समाप्ति पर भड़के कर्मियों ने शुरू की भूख हड़ताल

रौसर कोठी स्थित द यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड के प्लांट पर अनशन पर बैठे कर्मचारी। संवाद
शाहजहांपुर। सेवा समाप्ति का नोटिस मिलने के बाद बहुमंजिला प्रोसेस प्लांट पर चढ़े आरसी मिशन थाना क्षेत्र के रौसरकोठी गांव स्थित द यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड के कर्मचारियों ने शुक्रवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। तीन दिन बीतने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों से मुलाकात नहीं की है। वहीं श्रम विभाग की ओर से कंपनी को नोटिस जारी कर सात दिन में कर्मचारियों की देयता चुकाने के लिए कहा गया है।
डीयाजियो ग्रुप की शराब फैक्टरी द यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड यूनिट में कार्यरत 244 नियमित और दो कैजुअल कर्मचारी 31 अक्तूबर को जब काम पर पहुंचे तो वहां पंचिंग मशीन उखड़ी मिली थी। वाट्सएप पर उन्हें कंपनी की ओर से पत्र मिला कि प्लांट को बंद कर उनकी सेवा समाप्त की जा रही है। इसके बाद कर्मचारी भड़क गए।
वे छह मंजिला प्रोसेस प्लांट पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। चार दिन से कर्मचारी प्लांट पर चढ़े हुए हैं। इस दौरान कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनसे नीचे उतरने का आग्रह किया। कर्मचारी कंपनी प्रबंधन के आने के बाद ही नीचे उतरने पर अड़े हुए हैं। श्रमिक संगठन संयुक्त मोर्चा यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड के मंत्री श्याम सिंह ने बताया कि शुक्रवार से कर्मचारियों ने प्रोसेस प्लांट पर ही भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाएंगी, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। अमित दीक्षित, गजराज वर्मा, शिशुपाल, अनवर अली, छेदालाल, विश्वमोहन मिश्रा, राहुल मिश्रा, धर्मेंद्र, आशीष वर्मा समेत 40 लोग अनशन पर बैठे। श्रमिक शिशुपाल को कमजोरी से महसूस हो रही है। वहीं शुक्रवार को धरनास्थल पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां, अवधेश कुमार वर्मा, गायत्री वर्मा आदि पहुंचे और श्रमिकों को समर्थन दिया। श्रम निरीक्षक राजेश सिंह व ओमप्रकाश मौर्य भी मौके पर पहुंचे।
–
फैक्टरी के प्रबंधन की ओर से बातचीत के लिए आज डेलीगेट आने की संभावना है। श्रम विभाग की ओर से कंपनी को नोटिस जारी किया गया है जिसमें एक हफ्ते के अंदर कर्मचारियों की सारी देयता चुकाने के लिए कहा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अनशनकारियों की सुरक्षा के लिए मेडिकल टीम और पुलिस नजर रख रही है।
– संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन