Budaun News: गंदगी से पट गया शहर, कर्मचारियों ने आग लगाकर जलाया कूड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 06 Nov 2023 12:34 AM IST

विजय नगर में सड़क पर जलता कूड़ा। संवाद
बदायूं। जहां एक ओर स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों से बचाने के लिए सफाई व्यवस्था पर जोर दे रहा है तो नगर पालिका प्रशासन को इस ओर देखते ही फुर्सत नहीं मिल रही है। शहर में गंदगी का आलम यह है कि गली मोहल्ले सफाई के नाम मुंह ताक रहे हैं। वहीं कर्मचारी सोने का सुहागा जैसा कार्य कर रहे हैं, वह कूड़े में सड़क पर आग लगा रहे हैं जिससे प्रदूषण हो रहा है। जबकि एनजीटी के आदेश हैं कि कहीं भी कूड़ा नहीं जलाया जाए। नगर पालिका प्रशासन शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर लाख दावे करे लेकिन जमीनी हकीकत आंखें खोलने वाली है। कई गली मोहल्लों में सफाई नहीं हो रही। जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नालियां चोक हो रही हैं। वहीं कर्मचारी कूड़े को सड़क पर जलाने का कार्य कर रहे हैं। विजय नगर मोहल्ले में मुख्य सड़क पर कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। मीरा जी चौकी की मुख्य सड़क पर गंदगी का का आलम रहा कि राहगीरों को निकलना दूभर हो गया। यहां भी दिन में ही कर्मचारियों ने पहुंचकर कूड़े के ढेर में आग लगा दी जिससे मोहल्ले में धुंआ ही धुंआ हो गया। इसकी लोगों ने पालिका प्रशासन को फोन कर शिकायत भी दर्ज कराई है।


