Rampur News: एनपीएस में घोटाले को लेकर डीआईओएस को दिया ज्ञापन
रामपुर।
प्रदेश के कुछ जिलों में एनपीएस (नई पेंशन स्कीम) के पैसे को लेकर गड़बड़ी और इसका हिसाब न मिलने के कारण उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के पदाधिकारी शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली से मिले और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। जिसके जरिये एनपीएस का हिसाब मांगते हुए प्रत्येक शिक्षक की पासबुक बनवाकर उसमें प्रतिमाह राज्यांश सहित धनराशि को दर्शाए जाने की मांग की।
ज्ञापन देते वक्त संगठन के प्रदेश महामंत्री राम बाबू शास्त्री ने कहा कि प्रदेश के अनेक जनपदों से पदाधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया है कि शिक्षकों के एनपीएस खातों से बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं। इस संबंध में प्रयागराज जनपद का उदाहरण सामने है। प्रदेश के अन्य जनपदों में इसकी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए संगठन द्वारा प्रत्येक जनपद में जिला विद्यालय निरीक्षक से अपने एनपीएस के खातों की जानकारी के संबंध में ज्ञापन दिए जा रहे हैं और अपने एनपीएस खातों का हिसाब मांगा जा रहा हैं।
इस संबंध में उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि 16 नवंबर तक एनपीएस की धनराशि का हिसाब दिया जाए। शिक्षक कर्मचारी की पासबुक बनवाकर लेखाधिकारी या स्वयं डीआईओएस हस्ताक्षर करके संबंधित को उपलब्ध कराएं। इस मौके पर जिला अध्यक्ष मुनीश शर्मा, जिला मंत्री मनोज कुमार, श्याम बाबू, बलराम सिंह, लक्ष्मी चंद, विशाल शर्मा, दशरथ गुप्ता, मोहनलाल, जितेंद्र यादव, मुरारी लाल, राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।