Budaun News: कुएं की ढांग गिरने से दो भाइयों समेत पांच दबे, एक की मौत

मुजरिया क्षेत्र के गांव जिजाहट में कुएं की ढांग में दबे युवक को निकालते लोग। संवाद
मुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव जिजाहट में शनिवार शाम कुएं से ईंटें निकालने के दौरान अचानक ढांग गिर गई। दो भाइयों समेत पांच लोग मलबे में दब गए। दो जेसीबी से मिट्टी हटवाकर लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक युवक की मौत हो गई। उसके भाई समेत बाकी चार लोगों को इलाज के लिए सीएचसी बिल्सी में भर्ती कराया गया है।
ग्राम जिजाहट निवासी नेकपाल (38) और उसका भाई मोहकम (35) खेतीबाड़ी और मजदूरी करते हैं। नेकपाल दिवाली मनाने घर आया था। मुजरिया थाने से कुछ दूर उनके थे में पुराना कुआं है। दोनों भाइयों को गेहूं की बुवाई के लिए खेत का पलेवा करना था। शनिवार दोपहर दोनों कुएं की साफ-सफाई करने के लिए खेत पर गए थे। उन्होंने मदद के लिए गांव के पिंकू, विनोद और अनिल को भी बुला लिया। शाम करीब तीन बजे दोनों भाई कुएं में घुसकर ईंटें निकाल रहे थे। बाकी तीनों लोग ऊपर खड़े होकर रस्सी-बाल्टी से ईंटें ऊपर खींच रहे थे।
उसी समय अचानक कुएं में मिट्टी की ढांग ढह गई, इससे दोनों भाई करीब 15 फुट गहराई में दब गए, जबकि पिंकू, विनोद और अनिल भी मिट्टी के साथ कुएं में जा गिरे। उनके ऊपर ज्यादा मिट्टी नहीं गिरी थी। लिहाजा वे खुद ही बाहर निकल आए। उनके शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग पहुंच गए। सूचना पर थाने से एक सिपाही और कुछ होमगार्ड आ गए।
ग्रामीणों ने तुरंत दो जेसीबी मंगाकर मलबा हटवाना शुरू किया। कॉल करके एंबुलेंस भी बुला ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 4:45 बजे नेकपाल को निकाला गया। उन्हें तुरंत बिल्सी सीएचसी भेज दिया गया। करीब 5:15 बजे मोहकम को निकाला गया। उन्हें भी सीएचसी भेजा गया, लेकिन डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनका शव स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया है। परिवार वाले भी पहुंच गए हैं।
डेढ़ साल पहले हुई थी मोहकम की शादी
मोहकम की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उनके एक बेटी है, जबकि उनके बड़े भाई नेकपाल अविवाहित हैं। वह अक्सर बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। गांव में खेतीबाड़ी भी है।


