दुर्वेश हत्याकांड : पुलिस ने 40 दिन में ही कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट
बदायूं। उसहैत के दुर्वेश हत्याकांड में पुलिस ने 40 दिन में ही विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी। पुलिस का दावा है कि दुर्वेश की हत्या उसके साढू ने की थी। थाना पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आला कत्ल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली थी। अब पुलिस हत्यारोपी को सजा दिलाने के लिए सख्त पैरवी कर रही है।
ग्राम नौली फतुआबाद निवासी दुर्वेश उर्फ विपिन (20) 15 सितंबर को लापता हो गया था। 17 सितंबर को उसका पड़ोस के गांव ततारपुर में एक बाजरा के खेत में सड़ा-गला शव मिला था। परिवार वालों ने ही उसके शव को तलाश किया था। पोस्टमार्टम में सिर और गले की हड्डी टूटी पाई गई थी। पुलिस की छानबीन में गांव में ही रहने वाले दुर्वेश के साढू करू उर्फ अजयवीर का नाम सामने आया।
जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके पूछताछ की, तो उसने बताया कि पत्नी नाराज होकर मायके में रह रही है। कई बार उसे घर लाने की कोशिश कर चुका है लेकिन वह घर नहीं आ रही। उसे शक था कि साढू दुर्वेश उसकी पत्नी को नहीं आने दे रहा है। इसी शक में उसने दुर्वेश की हत्या कर दी और शव बाजरे के खेत में फेंक दिया।


