Budaun News: बाइक की टक्कर से युवक की मौत, जाम लगाया
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र में दातागंज-बरेली रोड पर एक बाइक की टक्कर से 30 वर्षीय प्रेमशंकर की मौत हो गई। देर शाम उसके परिवार वालों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाबुझाकर जाम खुलवाया और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सेनपुर निवासी प्रेमशंकर बुधवार शाम करीब चार बजे अपने घर से निकलकर दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान बलिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रेमशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि बाइक सवार को भी चोटें आईं। इसकी सूचना पर युवक के परिवार वाले आ गए। वह युवक को हालत देखकर तुरंत बरेली ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार वाले युवक का शव घर ले आए।
उन्होंने रात करीब आठ बजे सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक के परिवार वालों को जैसे-तैसे समझा बुझाकर शांत किया। परिवार वालों ने बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिवार वाले बाइक सवार के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। संवाद


