Budaun News: सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत, युवती घायल

मृतक सत्यवीर का फाइल फोटो। सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत के साथ लगाएं।
इस्लामनगर। थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। एक हादसा बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर गांव कुंदावली के नजदीक और दूसरा चंदौसी-सहसवान मार्ग पर बर्रई पुल पर हुआ।
कस्बा उघैती निवासी गुरमीत (20) चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह उघैती कस्बे में ही एक क्लीनिक पर काम करता था और इंटरमीडिएट की पढ़ाई भी कर रहा था। परिवार वालों के मुताबिक गुरमीत मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे बिना बताए बाइक लेकर कहीं चला गया। रात करीब 10:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि गुरमीत की बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर गांव कुंदावली और सगवा के बीच हादसे में मौत हो गई है।
उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। उसके साथ बाइक पर सवार गांव की ही हेमलता उर्फ दीनू (19) गंभीर रूप से घायल हो गई है। हालांकि गुरमीत के परिवार वालों ने हेमलता को पहचानने से इन्कार दिया। पुलिस के मुताबिक गुरमीत और हेमलता बाइक से इस्लामनगर की ओर आ रहे थे। वे हेलमेट नहीं लगाए थे।
इधर, इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव धिमरपुरा निवासी किसान सत्यवीर अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। सत्यवीर के तीन बेटे और एक बेटी है। परिवार वालों के मुताबिक, सत्यवीर बाइक से मंगलवार रात करीब 11:30 बजे अपनी ननिहाल चंदौसी के गांव पथरा से लौट रहे थे। उनकी बाइक बर्रई पुल पर पहुंची, तभी किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।

मृतक सत्यवीर का फाइल फोटो। सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत के साथ लगाएं।