खंडेलवाल कॉलेज में अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय पटल पर हिंदी : चुनौतियाँ एवं समाधान’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार






खंडेलवाल कॉलेज, बरेली में साक्षरता क्लब, शिक्षा समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में अंतर महाविद्यालयीय भाषण एवं सुविचार-लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिंदी के महत्त्व, वैश्विक स्थिति एवं वर्तमान चुनौतियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का विषय “अंतरराष्ट्रीय पटल पर हिंदी : चुनौतियाँ एवं समाधान” रहा। विद्यार्थियों ने हिंदी को विश्व स्तर पर सशक्त बनाने तथा शिक्षा, तकनीक एवं संचार के क्षेत्र में इसके बढ़ते प्रयोग पर प्रभावशाली विचार रखे। प्रतियोगिता में रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली कॉलेज, रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट कॉलेज, मैस्कॉट कॉलेज, रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय, साहू रामस्वरूप विश्वविद्यालय, सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज, इंवेर्टिस विश्वविद्यालय, स्प्रिंगडेल महिला महाविद्यालय एवं ज्योति कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर किया गया। महाविद्यालय के महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार ने हिंदी भाषा के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि श्री अनूप अग्रवाल, समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया। ज्योति कॉलेज से श्री भानु एवं सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज से श्री राजकुमार सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्री अनूप अग्रवाल, डॉ. कल्पना कटियार, डॉ. शालिनी गुप्ता, ले. रचना एवं श्री रितेश गुप्ता शामिल रहे। निर्णायकों ने विषय-वस्तु, भाषा, प्रस्तुतीकरण एवं अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।भाषण प्रतियोगिता में लवी सिंह ने प्रथम, शाहनूर खान ने द्वितीय तथा अभय सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंबिका गुर्जर, दीपमाला एवं काजल पाठक को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।सुविचार-लेखन प्रतियोगिता में रिया वर्मा प्रथम, श्रद्धा शर्मा द्वितीय तथा सुनैना तृतीय स्थान पर रहीं। शीतल, अभिषेक एवं स्मिथ भटनागर को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. शिव स्वरूप शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।समस्त कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. सविता सक्सेना के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति गौरव, रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी एवं नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।






