Budaun News: हत्या कर थाने में किया सरेंडर

मृतक साहिल कुमार का फाइल फोटो।(हत्या की खबर के साथ)
बदायूं। शहर के नई सराय इलाके में भारत संचार निगम (टेलीफोन एक्सचेंज) के कार्यालय के नजदीक शुक्रवार रात करीब 30 वर्षीय साहिल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाद में हत्यारोपी विपिन झा ने अपने हाथ में गोली मारकर थाने में सरेंडर कर किया। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया है। उसका उपचार पुलिस की निगरानी में चल रहा है। पुलिस ने एफआईआर दर्जकर युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नगला शर्की निवासी साहिल कुमार पुत्र संतोष कुमार अपने चाचा अनिल कुमार के साथ काम करता था। उसके चाचा लोगों के मकानों, प्लॉटों और दुकानों में भराव डालने का काम करते हैं। परिवार वालों का कहना है कि शुक्रवार रात साहिल कुमार भारत संचार निगम के कार्यालय के नजदीक प्लॉट पर काम कर रहा था। वहां ट्रैक्टर से मिट्टी समतल करने का काम चल रहा था। इसी दौरान साहिल की अपने चाचा के नौकर नेकपुर निवासी विपिन झा से मोबाइल पर कहासुनी हो गई। पहले दोनों के बीच खूब गाली गलौज हुई। बाद में आरोपी विपिन रात करीब 12:30 बजे तमंचा लेकर मौके पर पहुंच गया। उसने साहिल को पेट में गोली मार दी और बाद में अपने हाथ में भी गोली मार ली। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंच गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
इधर मजदूरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवार वाले साहिल को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस ने रात में ही अनिल कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। शनिवार दोपहर युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। इसकी सूचना पर सुबह एसएसपी डॉ. ओपी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उल्टा मामला दर्ज कराना चाहता था हत्यारोपी विपिन
– शुक्रवार रात हत्यारोपी विपिन जिस दौरान सिविल लाइंस थाने पहुंचा था। उस दौरान वह साहिल पर ही गोली मारने का आरोप लगा रहा था। हालांकि जब थाना पुलिस ने सख्ती बरती तो उसने सच उगल दिया। वैसे वह साहिल के खिलाफ कार्रवाई कराना चाहता था।
– भारत संचार निगम के कार्यालय के नजदीक एक युवक की गोली मारकर हत्या हुई है। आरोपी को भी हाथ में गोली लगी है। उसे हिरासत में लेकर उपचार कराया जा रहा है। इसमें आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर कराई जाएगी। – डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी

मृतक साहिल कुमार का फाइल फोटो।(हत्या की खबर के साथ)


