Shahjahanpur News: पांच डिग्री लुढ़का अधिकतम पारा, शीतलहर ने बढ़ाई सर्दी

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 03 Jan 2024 12:51 AM IST

खन्नौत नदी के किनारे घना कोहरा। संवाद
शाहजहांपुर। शीतलहर, गलन और दिनभर धूप न निकलने से अधिकतम पारा पांच डिग्री लुढ़ककर 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे दिनभर ठंड से राहत नहीं मिली। सर्द हवा ने लोगों को कांपने को मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने तापमान में और भी गिरावट की संभावना जताई है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया। जबकि, कोहरे की वजह से सुबह दृश्यता 50 मीटर रही। मौसम विभाग इतनी दृश्यता को शून्य मानता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट हुई, वहीं न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। मौैसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान में गिरावट का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। कोहरा और शीतलहर का प्रकोप रहेगा। हाल-फिलहाल में धूप निकलने की संभावना कम है।
ब्लड प्रेशर के मरीज रहें सावधान
-राजकीय मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. केसी वर्मा ने बताया कि सर्दी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इस मौसम में ब्लड प्रेशर के मरीजों को खास ख्याल रखने की जरूरत है। ब्लड प्रेशर के मरीज जरूरत पड़ने पर ही पूरा शरीर ढककर घर से बाहर निकलें। समय से रक्तचाप की दवा लेते रहे। सर्दी बढ़ने के साथ ही हार्ट अटैक और ब्रेन हेमरेज के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस प्रकार के मरीजों को कोई दिक्कत हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।