Budaun News: शहर में 1.30 करोड़ से बनेंगे दो नाले, जलभराव से मिलेगी निजात

बदायूं। बारिश के दौरान शहर में जलभराव की बहुत ज्यादा समस्या रहती है। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक कई घंटे तक जलभराव रहता है, लेकिन आने वाले दिनों में इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। पालिका ने 1.30 करोड़ की लागत से शहर में दो नालों को निर्माण कराने का निर्णय किया है।
शहर में बारिश के दौरान कई घंटे बाद तक सड़कों पर जलभराव रहता है। कई जगहों पर तो पानी मकानों और दुकानों में भी घुस जाता है। इसके स्थायी समाधान को लेकर स्थानीय लोगोें ने कई बार पालिकाध्यक्ष से लेकर अधिकारियों से मांग की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
अब पालिका ने जलभराव से निजात दिलाने के लिए दो नालों के निर्माण की स्वीकृति दी है। पालिका प्रशासन के अनुसार शहर के गद्दी चौक से श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज की तरफ से होते हुए नाले का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यहां का पानी सीधा इंदिरा चौक पर निकाला जा सके। इससे पानी निकास ठीक होने पर सुभाष चौक समेत आसपास जलभराव की समस्या का निस्तारण हो जाएगा।
यह नाला करीब 90 लाख रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसके अलावा छोटी जियारत के पास सड़क पर जलभराव रहता है। ऐसे में छोटी जियारत के पास से अलहम्द की तरफ नाला बनाया जाएगा। जिस पर करीब 40 लाख रुपये खर्चा आएगा।
–
इन जगहों पर होता है जलभराव
शहर में सबसे ज्यादा जलभराव लावेला चौक से गांधी ग्राउंड शिव मंदिर चौक, शिव मंदिर से छह सड़का, सुभाष चौक से गद्दीचौक, पटियाली सराय, जोगीपुरा, टिकटगंज आदि जगहों पर होता है। लावेला चौक से शिव मंदिर तक की जलनिकासी तो बारिश बंद होने के चार-पांच घंटे बाद तक नहीं हो पाती तो वहीं इंडियन बैंक के सामने तो जरा सी बारिश में दुकानों में पानी भर जाता है।
–
बन सकता है एक और नाला
शहर में जलभराव से पूरी तरह से निजात दिलाने के लिए पालिका प्रशासन को यदि जरूरत लगती है तो पनबडि़या, सकरी क्लीनिक, परशुराम चौक होते हुए आंबेडकर पार्क तक नाला बनाया जा सकता है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के अनुसार, जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नालाें का निर्माण कराया जाना है। इसको लेकर पूरी तैयारी हो गई है।