Rampur News: गन्ने का रस निकालने वाला ठेला ला रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
शाहबाद। ढकिया चौकी क्षेत्र के भोरकी जदीद गांव निवासी नवनीत (30) बुधवार रात गन्ने का रस निकालने वाले ठेला (जुगाड़) को लेकर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर की उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई।
ढकिया चौकी क्षेत्र के भोरकी जदीद गांव निवासी नवनीत बुधवार देर रात मेरठ से गन्ने का रस निकालने वाला ठेला (जुगाड़) लेकर आ रहे थे। आते समय शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के मंगोली गांव स्थित नेताजी सुभाष विद्या मंदिर के सामने दूसरी दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर नवनीत गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को बेहद गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह को मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की मौत के बाद शाहबाद पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया। मृतक ने अपने पीछे दो वर्षीय बेटे को छोड़ा है। बृहस्पतिवार देर शाम को मृतक मजदूर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। देर शाम तक कोई तहरीर नही दी गई थी।