Shahjahanpur News: खुद को आग लगाने वाली युवती की इलाज के दौरान मौत
भावलखेड़ा। पार्षद के पति की प्रताड़ना से तंग आकर खुद को आग लगाने वाली युवती की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का लखनऊ में ही पोस्टमार्टम होगा। मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला फत्तेपुर रेती में धार्मिकस्थल को लेकर सुंदरलाल यादव और नवनिर्वाचित पार्षद प्रतीक्षा के पति पवन गुप्ता आदि के बीच अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि 14 मई की सुबह पवन गुप्ता की पत्नी के चुनाव जीतने की खुशी में पटाखे चलाए जा रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। इसी बीच सुंदरलाल की पुत्री सरोज यादव ने घर के बाहर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।
गंभीर हालत में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़िता ने मृत्यु से पवन गुप्ता पर धमकाने का आरोप लगाया था। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि उपचार के दौरान युवती की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर प्राप्त होने पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।