UP: दिवंगत मानवेंद्र सिंह के पैतृक गांव पहुंचे उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, शोक संवेदना व्यक्त की

दिवगंत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के ददरौल से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह के निधन के बाद रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उनके पैतृक गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। करीब आधे घंटे तक गांव में रुके उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की घड़ी में पूरी पार्टी मानवेंद्र सिंह के परिवार के साथ खड़ी है।
ददरौल विधायक मानवेंद्र सिंह का शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया था। वह काफी समय से बीमार थे। नेशनल हाईवे स्थित पैतृक गांव ढकिया परवेजपुर में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह दिन में करीब दो बजे मानवेंद्र सिंह के गांव में पहुंचे। उन्होंने मानवेंद्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भावपूर्ण नमन किया। इसके बाद दिवंगत विधायक के बड़े पुत्र अरविंद सिंह से जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक मानवेंद्र सिंह हमारे परिवार के सदस्य थे। उनके निधन से अपूर्णनीय क्षति हुई है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे। उनके साथ जिला प्रभारी सुरेश राणा, सांसद अरुण सागर, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महापौर अर्चना वर्मा, राकेश मिश्रा अनावा, वीरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री कृष्णाराज, शिल्पी गुप्ता, अजय यादव, अंशुल सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

