Rampur News: रेत भरी कैंटर पकड़ने पर खनन माफिया की नायब तहसीलदार से नोकझोंक, कार का शीशा तोड़ा
टांडा (रामपुर)। क्षेत्र के ग्राम दढि़याल में नायब तहसीलदार और अन्य तहसील कर्मी अवैध रूप से कैंटर में बालू भरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे और उन्होंने गाड़ी पकड़ ली। इस पर खनन माफिया की गाड़ी छुड़ाने के प्रयास में प्रशासनिक अधिकारियों से झड़प हो गई। जिसमें खनन माफिया ने नायब तहसीलदार की कार का शीशा भी तोड़ दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद सहित 10-12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बुधवार देर रात दढि़याल स्थित खेल के मैदान पर कुछ लोग बालू को कैंटर में भर रहे थे। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अमित कुमार और लेखपाल मौके पर पहुंच गए। वहां पर देखा की कुछ व्यक्ति एक कैंटर में बालू भर रहे हैं। पूछताछ करने पर मौके पर मौजूद शरीफ उर्फ पीरा निवासी दढि़याल एहतमाली ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी और अपने साथी इकराम दढि़याल एहतमाली, अनीस तथा इमरान निवासी भरतपुर दढि़याल मुस्तहकम के साथ लगभग दस बारह व्यक्तियों को बुलाकर बालू की आधी भरी गाड़ी को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। प्रयास में सफल नहीं हो पाए तो उन्होंने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और झगड़ा करने का प्रयास करने लगे। इस बारे में जब दढि़याल चौकी प्रभारी को सूचना दी तो वो फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को आता देख कर आरोपी मौके से फरार हो गए। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।