Pilibhit News: आपत्तिजनक स्टेटस लगाने के मामले में सचिव को चेतावनी
– सफाई में सचिव ने कहा- छोटे भाई ने नादानी में लगा दिया था स्टेट्स
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर मोबाइल पर आपत्तिजनक स्टेट्स लगाने के मामले में मरौरी ब्लाॅक की सचिव ने माफी मांगी है। साथ ही यह भी कहा है कि छोटे भाई ने अनजाने में ऐसा कर दिया था। ऐसे में उन्हें अब कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया है।
यहां बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर मरौरी ब्लॉक की सचिव कुमारी आरुषि कुमार ने अपने मोबाइल पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाया था। यह स्टेटस सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था।
नोटिस पर अब सचिव ने सफाई देते हुए कहा है कि 13 मई को घर पर उनका मोबाइल चार्जिंग में लगा था और वह घरेलू काम से बाजार गईं थीं। इस दौरान छोटे भाई ने मोबाइल चलाना शुरु कर दिया, साथ ही नादानी में स्टेटस बदल दिया। उन्हें जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने उक्त स्टेटस को हटा दिया। सचिव इस संबंध में माफी मांगते हुए ऐसी दोबारा नहीं होने की बात कही है।
सचिव के इस स्पष्टीकरण पर डीपीआरओ ने उन्हें चेतावनी पत्र जारी किया है। साथ ही इसे कर्मचारी नियमावली का उल्लंघन बताया है। यह भी कहा है कि भविष्य में पुनरावृत्ति होती है, तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीपीआरओ वाचस्पति झा ने बताया की सचिव ने माफी मांगी है। इस पर उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया है।