Pilibhit News: वीरपाल ने राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण


मेडल के साथ खिलाड़ी वीरपाल । स्रोत – क्रीड़ा सचिव
पीलीभीत। डीपी इंटर कॉलेज धनकुना के कक्षा 12 के छात्र वीरपाल ने 19वर्षीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। प्रतियोगिता राजस्थान के बीकानेर में हुई थी।
जिला क्रीड़ा समिति के सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि 67वीं राष्ट्रीय विद्यालयी भारोत्तोलन चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए धनकुना के 12वीं के छात्र वीरपाल ने यह सफलता प्राप्त की। वीरपाल ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में 87 किलो स्नैच और 111 किलोग्राम क्लीनर्जक में कुल 198 किलोग्राम का वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किए।
हाल ही में बिजनौर में हुई प्रादेशिक वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में बरेली मंडल की टीम की ओर से प्रतिभाग करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के उपरांत वीरपाल का उत्तर प्रदेश की टीम में चयन हुआ था। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरिजेश कुमार चौधरी ने कहा कि जनपद के लिए यह वास्तव में बहुत गौरव की बात है कि विद्यालय स्तर पर बच्चों ने यह दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।

