Shahjahanpur News: नरेश चौधरी नाम है मेरा… जूते मारते हुए पैदल लाऊंगा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 23 May 2023 12:26 AM IST
शाहजहांपुर। सदर थाने के एक सिपाही का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सिपाही किसी को बदमाशों की टॉप-10 सूची में डलवाने और जूते मारते हुए थाने लाने की बात कह रहा है। रुपये के लेन-देन की बात भी हो रही है। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद सीओ को जांच सौंपी गई है।
थाना सदर बाजार में लंबे समय तक तैनात रहे सिपाही का यह वीडियो थाने के बाहर ही कुछ लोगों से बातचीत के दौरान बनाया गया है। इसमें एक अन्य सिपाही भी नजर आ रहा है। वीडियो में सिपाही कह रहा है कि अबकी बार कप्तान साहब से कहकर इसे बदमाशों की टॉप-10 सूची में डलवाना है। इसके बाद बताऊंगा कि पुलिस कैसे दौड़ाती है।
‘मैं कह देता हूं मेरा नाम नरेश चौधरी है… तुम्हारी कसम चारखंभा से जूते मारते हुए पैदल थाने लेकर आऊंगा।’ वीडियो में छह लोगों के तीन लाख रुपये का भी जिक्र है। वीडियो सामने आने के बाद एसपी एस. आनंद ने मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी है। सिपाही का एक सप्ताह पहले ही मिर्जापुर थाने के लिए तबादला किया गया। इसके बाद वह छुट्टी पर चला गया है।
– सिपाही का ट्रांसफर कर दिया गया है। वीडियो चार-पांच महीने पहले का है। मामले की जांच की जा रही है। – एस. आनंद, एसपी

