Budaun News: सरकारी जमीन खाली नहीं करा सका प्रशासन
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के पुख्ता गांव में जिला प्रशासन सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त नहीं करा सका, जबकि न्यायालय की ओर से 80 हजार का जुर्माना और जमीन खाली कराने का आदेश दिया गया है।
गांव के एक व्यक्ति ने साधन सहकारी समिति के बराबर में और जूनियर हाईस्कूल के पीछे अवैध कब्जा कर सरकारी जमीन पर मकान बनवा लिया है। इसको लेकर मामला तहसीलदार कोर्ट में चल रहा था। छह माह पहले तहसीलदार ने जगह खाली कराने और कब्जेदार पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। तब से आज तक जिला प्रशासन जगह को कब्जा मुक्त नहीं करा सका है। समिति के सभापति ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बावजूद जगह कब्जा मुक्त नहीं कराई गई है। तहसीलदार एसके शर्मा ने बताया कि इस मामले में पूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कब्जेदार को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद


