Shahjahanpur News: सिपाही ने बुजुर्ग को पीटा, तबीयत बिगड़ी तो छोड़ा
पुवायां। गांव मजीदपुर निवासी 86 वर्षीय राजाराम की एक सिपाही ने पिटाई कर दी। उन्हें पकड़कर थाने ले गया। वहां उनकी तबीयत बिगड़ी तो छोड़ दिया। राजाराम के बेटे पप्पू को कुछ लोगों ने घर में घुसकर पीट दिया। सूचना पर पहुंचे सिपाही ने आरोपियों का ही पक्ष लिया और पप्पू के पिता राजाराम की पिटाई कर दी। राजाराम ने तहरीर देकर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव मजीदपुर निवासी पप्पू ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम गांव के दो लोग रास्ते में मिले और पुरानी रंजिश में गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर डंडों से पीटकर घायल कर दिया। बाद में आरोपियों ने घर में घुसकर भी पिटाई की। एक आरोपी ने तमंचे से फायर किया, लेकिन वह वह बच गए।
पप्पू के पिता राजाराम ने इंस्पेक्टर को बताया कि घटना की शिकायत करने पर पुवायां थाने के सिपाही सचिन मिश्रा गांव पहुंचे और बिना उनका पक्ष जाने ही पीटना शुरू कर दिया। गांव के लोगों ने एतराज जताया तो सिपाही उनको झूठे मामले में फंसा देने की धमकी दी। बाद में सिपाही राजाराम को थाने ले गया। वहां उनकी हालत बिगड़ी तो छोड़ दिया। राजाम का कहना है कि सिपाही के गांव में सरेआम पीटने से उन्हें मानसिक आघात पहुंचा है। गंभीर चोटें भी आईं हैं।
इधर, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्ष झगड़ा करने पर आमादा थे। इस बीच पुलिस पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने लाई है। मामले की जांच की जा रही है।

