Bareilly News: भूमाफिया एलायंस ग्रुप का बेशकीमती प्लॉट कृष्णावती कॉलोनी में भी
बरेली। भूमाफिया गिरोह एलायंस ग्रुप की संपत्ति सील करने का तीसरा चरण शुरू हो गया है। पुलिस तेजी से ग्रुप से जुड़ी जमीनों और लोगों को चिह्नित कर रही है। गैंग लीडर रमनदीप का एक बेशकीमती प्लॉट कृष्णावती कॉलोनी में होने की जानकारी पुलिस को मिली है। इसे भी सील किया जा सकता है।
भूमाफिया रमनदीप सिंह और अमनदीप सिंह के काले कारनामों की परतें उधड़ने के बाद कई सफेदपोश चेहरे बेनकाब होने लगे हैं। माफिया बिल्डर का करोड़ों का प्लाट है। प्लाट रमनदीप सिंह के नाम पर है। उस पर कब्जा इंद्रजीत सिंह उर्फ मिंटू भाटिया का है। पुलिस इसकी जांच पड़ताल में लगी है।
एलायंस समूह की सवा सौ करोड़ रुपये की संपत्ति सील हो चुकी है। तीसरे चरण के लिए चिह्नीकरण के दौरान गैंग लीडर रमनदीप के एक पार्टनर का पता लगा है जो समूह की कई कंपनियों से नाता तोड़ना दिखाकर खुद को कारपेंटर ठेकेदार साबित करने में लगा है। वह कुछ समय पहले तक ग्रुप की पांच कंपनियों में पार्टनर रहा था। तीन में अब भी शामिल है। वह इन कंपनियों में वर्ष 2010-11 से रमनदीप और अमनदीप के साथ जुड़ा है।
उसने कृष्णावती कॉलोनी में रमनदीप सिंह से एक प्लॉट के कुछ हिस्से की रजिस्ट्री अपने परिवार के लोगों को कराई और पूरे प्लॉट पर अधिकार जमा लिया। सूत्रों का कहना है कि प्लाट के अधिकांश हिस्से का मालिक आज भी रमनदीप है, जिसकी वजह से इस संपत्ति को सील किया जा सकता है। कैंट इंस्पेक्टर बलवीर सिंह का कहना है कि संपत्ति के चिह्नीकरण का काम तेजी से चल रहा है। जल्दी ही इसकी रिपोर्ट बनाने में दूसरे विभागों की मदद ली जाएगी।



