Shahjahanpur News: बाजार में दोगुना हुई 2000 के नोट की आवक
शाहजहांपुर। आरबीआई ने 2000 के नोट चलन से बाहर करने की घोषणा की है। साथ ही लोगों को 30 सितंबर तक इन्हें खाते में जमा या बैंक से बदलने का समय दिया है। इसके बाद से 2000 के नोटों की बाजार में आवक दोगुनी हो गई है।
शहर के सदर बाजार और चौक में सराफा की दुकानें और शोरूम हैं। जहां 2000 के नोटों की आवक पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गई है। सोने-चांदी की खरीदारी करने वाले लोग पहले की अपेक्षा अधिक मात्रा में 2000 के नोट लेकर पहुंच रहे हैं। सराफा व्यापारी भी ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए ये नोट ले रहे हैं। सराफा व्यापारियों के मुताबिक आरबीआई ने 30 सितंबर तक का समय दिया है, जो पर्याप्त है।
सदर बाजार सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने बताया कि दुकानों पर जो भी लोग 2000 के नोट लेकर आ रहे हैं, व्यापारी बिना किसी दिक्कत के नोट ले रहे हैं। यह ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
पेट्रोल और वाहन खरीदने में भी हो रहा उपयोग
– पेट्रोल डलवाने के लिए भी लोग 2000 रुपये के नोट लेकर पहुंच रहे हैं। पंप संचालकों के मुताबिक वह भी नोट लेने से इन्कार नहीं कर रहे हैं, लेकिन छुट्टा देने में परेशानी होने से बचने को कम से कम 500 रुपये का ईंधन डलवाने की अनिवार्यता कर रखी है। इसी तरह बाइक और कार शोरूम पर भी लोग 2000 के नोट लेकर पहुंच रहे हैं। बाइक शोरूम के मैनेजर अनुज कपूर ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में एक लाख रुपये के 2000 के नोट आ चुके हैं, जबकि पहले इसके आधे भी नहीं आते थे।