Shahjahanpur News: रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए खंभों से उतरवाई लाइटें
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 02 Jun 2023 12:43 AM IST

तिलहर बाईपास चौराहे से रेलवे स्टेशन तक उतरवाई गई बिजली खंभों से लाइटें
तिलहर। पुवायां-दातागंज स्टेट हाईवे पर तिलहर स्टेशन के समीप ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद नगर बिजली के खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ों के कटान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर पालिका प्रशासन खंभों से लाइटें उतरवा रहा है। सड़क किनारे खड़े पेड़ों की नीलामी छह जून को की जाएगी। ओवरब्रिज बनने तक इस रोड पर पथप्रकाश व्यवस्था बाधित रहेगी।
तिलहर रेलवे स्टेशन की पूरब दिशा में स्थित रेलवे फाटक 334/2 पर ओवरब्रिज निर्माण शुरु होने जा रहा है। इसके लिए 34 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है । रेलवे ट्रैक के मध्य से दोनों ओर 300 मीटर लंबा और सात मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाया जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण के मद्देनजर मृदा परीक्षण भी किया जा चुका है।
ईओ सर्वेश कुशवाहा ने बताया कि पालिका क्षेत्र में आने वाली सड़क के दोनों ओर के चिह्नित 17 पेड़ों का वन विभाग से मूल्यांकन कराके कटान की अनुमति ले ली गई है। बिजली के खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ों के कटान के लिए 6,98,511 रुपये भी पालिका के खाते में आ गए हैं। बिजली के खंभों की शिफ्टिंग से पहले स्ट्रीट लाइटें उतरवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।