शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कड़ी सुरक्षा के बीच आज नौ केंद्रों पर होगी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा

Connect News 24

शाहजहांपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से सत्र 2023-25 के लिए बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन बृहस्पतिवार को जिले के नौ केंद्रों पर किया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। बुधवार को केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा के उप-नोडल समन्वयक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 9.00 से दोपहर 12:00 बजे तथा द्वितीय का समय अपराह्न 2.00 से सायं 5.00 बजे तक रहेगा। परीक्षा को शांति पूर्ण ढंग से नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।

परीक्षा केंद्रोंं पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रांग रूम, पेयजल, सिटिंग प्लान आदि को पूर्ण रूप से व्यवस्थित कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त कक्ष निरीक्षकों को उनके दायित्वों से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बताया कि प्रत्येक केंद्र पर केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में ब्रीफिंग भी की गई है। परीक्षा में 4300 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा को लेकर धारा 144 लागू, बंद रहेंगी फोटो स्टेट की दुकानें

परीक्षा को लेकर जनपद में धारा 144 लागू की जा चुकी है। परीक्षा केंद्र परिसर में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। परीक्षा समय में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन नहीं किया जाएगा। परीक्षा के दौरान केंद्र के आसपास फोटोकॉपी मशीनें, साइबर कैफे आदि बंद रहेंगे। कोविड-19 प्रोटोकाल के समस्त निर्देशों का अनुपालन करना होगा। सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गहनता से सभी परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button