Pilibhit News: जांचे जाएंगे आवेदन करने वाले शिक्षकों के दस्तावेज
पीलीभीत। जिले के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अंतर जनपदीय स्थानांतरण के आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आवेदन संशोधन का समय पूरा होने के बाद अब शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच होनी है। जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। कुछ शिक्षकों ने आवेदन करने के बाद इन्हें वापस भी लिया था लेकिन बाद में पुन: आवेदन कर दिए गए।
अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए आठ जून से शिक्षकों के लिए विभाग का ऑनलाइन आवेदन पोर्टल खुला था। जिले में पहले 560 शिक्षकों ने आवेदन किए थे। इसकी जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद में कुल 60 शिक्षकों ने आवेदन वापस ले लिए। शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि आवेदनों को वापस लेने के बाद पुन: त्रुटियों को ठीक कर आवेदन किए। अभी तक कुल 568 आवेदन आए हैं। बीसए ने ये भी बताया कि आने वाले दो दिनों तक लगातार शिक्षकों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
उन्होंने अनुमान लगाया है कि तीन दिन में शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद में इन शिक्षकों को निदेशालय से सूचना मिलने पर अवगत भी करा दिया जाएगा। संवाद

