Budaun News: एक सप्ताह तक बदलता रहेगा मौसम, कभी धूप तो कभी रहेगी छांव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा अधिकतम तापमान
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। कुछ दिन पूर्व पारा जहां 40 डिग्री के पार पहुंच रहा था, वह अब दो दिन से 33 डिग्री तक पहुंच चुका है। अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहेगा। मौसम के जानकारों की मानें तो अभी एक सप्ताह तक तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा। कभी धूप तो कभी छांव रहेगी।
इस बार गर्मी ने मार्च के अंत से ही सितम ढाना शुरू कर दिया था। अप्रैल आते- आते मई-जून जैसी गर्मी होने लगी थी और तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया था। गर्मी से लोग बेहाल हो रहे थे लेकिन पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। हालात ये है कि जिले में कभी धूप, बादल, तो कभी बारिश हुई। ओरछी क्षेत्र में ओलावृष्टि तक हो चुकी है। इसकी वजह से तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। सोमवार को सुबह से ही बादल छाए रहे, जिसकी वजह से दिनभर धूप नहीं निकल सकी।
मौसम वैज्ञानिक आलोक सागर गौतम के अनुसार करीब एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। जिले में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री तक ही रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री तक रहने की संभावना है। 29 व 30 अप्रैल को बारिश भी हो सकती है। इस बीच में कभी खिलकर धूप निकलेगी, तो कभी बादल छा सकते हैं। उनके अनुसार, इस माह मौसम यूं ही बदलता रहेगा। अगले माह में मौसम में फिर से परिवर्तन देखने को मिल सकता है और गर्मी अपना रंग दिखा सकती है।


