Budaun News: सुगम बनाया जाए कांवड़ियों का मार्ग

कांवड़ यात्रा के संबंध में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम मनोज कुमार। संवाद
सभी नौकाओं पर लाइफ सेविंग जैकेट होना आवश्यक
डीएम ने की कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। आज से प्रारंभ हो रहे श्रावण मास में कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संदर्भ में डायट स्थित ऑडिटोरियम में हुई बैठक में डीएम मनोज कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कावड़ियों का मार्ग सुगम बनाने के लिए कहा। इस बार कावड़ यात्रा 31 अगस्त तक चलेगी।
डीएम मनोज कुमार ने कहा कि कछला घाट पर कोई भी नौका बिना पंजीकरण के संचालित नहीं हो। सभी नौकाओ पर लाइफ सेविंग जैकेट आवश्यक रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कछला से कछला पुल पर समुचित प्रकाश व्यवस्था कराने तथा कछला घाट के दोनों तरफ पर्याप्त हैलोजन लाइट लगाने के लिए कहा।
पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से कहा कि वे पोलों पर पॉलिथीन लगवाएं तथा खराब वि़द्युत पोलों को भी ठीक कराया जाए। कछला घाट पर एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाए। नगरीय क्षेत्र में संबंधित नगरपालिका व नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती राज विभाग व जिला पंचायत कावड़ मार्ग पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था कराएं। साथ ही जहां पर भी ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं वहां पर भी समुचित प्रकाश व्यवस्था कराई जाए।
–
सड़क के एक ही तरफ लगेंगे शिविर
डीएम ने कहा कि सड़क के बीच कोई शिविर नहीं लगेगा। सभी एक ओर ही लगेंगे। बिना पंजीकरण के कोई भी शिविर संचालित नहीं होगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से एंटी वेनम व एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में दी जा रही खाद्य सामग्री का नियमित रूप से समय-समय पर परीक्षण करें।
एसएसपी ओपी सिंह ने कहा कि जिन स्थान पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाना है, वहां पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। कावड़ मार्ग पर कोई भी मीट, मांस व शराब की दुकानें नहीं खुलें। इस अवसर पर सीडीओ केशव कुमार, एडीएम प्रशासन वीके सिंह, एडीएम एफआर राकेश कुमार पटेल, सीएमओ डॉ प्रदीप वार्ष्णेय, एसपी सिटी एके श्रीवास्तव, एसपी देहात अजय प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
–
रूट परिवर्तन की यात्रियों को दें जानकारी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने रोडवेज के एआरएम को निर्देश दिए हैं कि मंगलवार से कावड़ यात्रा प्रारंभ हो रही है, जिसमें समीपवर्ती जिलों के साथ-साथ क्षेत्रीय श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कछला गंगा घाट पर लाखों की संख्या में आते है। कानून एवं शान्ति व्यवस्था के दृष्टिगत प्रत्येक शुक्रवार को रात आठ बजे से सोमवार शाम पांच बजे तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए पहले से व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। यात्रियों को बसों में सफर करने से पूर्व अवगत करा दिया जाए कि यात्री कहां से बैठेंगे तथा कहां उतरेंगे। इसके साथ ही बसों का किस रूट पर क्या किराया होगा। उन्होंने कहा कि चालक परिचालक भी यात्रियों को बैठाने से पूर्व रूट परिवर्तन की जानकारी दें। इधर एआरएम धर्णेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि डायवर्जन का रूट क्या रहेगा, इसकी जानकारी मिलते ही व्यवस्था की जाएगी। संवाद


